जागरण टुडे, कासगंज।
थाना सिढपुरा परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुताई का कार्य कर रहा एक मजदूर गंभीर हादसे का शिकार हो गया। थाने की दीवारों पर पुताई के दौरान रस्सा टूटने से ऊंचाई से नीचे गिरकर घायल हुए मजदूर रविंद्र (35) पुत्र पुरन सिंह, निवासी गांव खरगादीपुर, की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया, वहीं थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार रविंद्र अपने भाई बंटी के साथ ठेकेदार श्रीकृष्ण के अंतर्गत थाना सिढपुरा में पुताई का कार्य कर रहा था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे रविंदर ऊंचाई पर चढ़कर थाने की दीवारों की पुताई में जुटा हुआ था। काम के दौरान उसे सहारा देने के लिए बंधा रस्सा अचानक टूट गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही अचेत हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रविंद्र को इलाज के लिए सिढपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जैसे ही मौत की सूचना परिजनों को मिली, वे अस्पताल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार मच गई।
मृतक रविंदर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और परिवार का एकमात्र सहारा था। उसके परिवार में पत्नी गायत्री देवी, आठ वर्षीय बेटा वीर और छह वर्षीय बेटी आरोही हैं। पति और पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पत्नी गायत्री देवी गहरे सदमे में हैं।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों और मजदूर संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि सरकारी भवनों में मरम्मत व पुताई जैसे कार्यों के दौरान मजदूरों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।