जागरण टुडे,कासगंज।
दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लायंस क्लब कासगंज द्वारा एक सराहनीय और ऐतिहासिक पहल की गई। लायंस क्लब के तत्वावधान में निशुल्क कृत्रिम अंग वितरण शिविर का आयोजन गंगा देवी धर्मशाला, रेलवे रोड कासगंज में किया गया। शिविर का आयोजन लायंस क्लब अध्यक्ष दिनेश वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत लायंस क्लब द्वारा लगाए गए चिकित्सा शिविर में पहले रजिस्ट्रेशन कराया गया, जिसके बाद चिकित्सकीय जांच एवं चयन प्रक्रिया के उपरांत 20 दिव्यांगजनों को निशुल्क कृत्रिम पैर, कैलीपर्स एवं छड़ियों का वितरण किया गया। साथ ही सभी लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष नीरज शर्मा ने कहा कि कृत्रिम अंग दिव्यांगजनों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का संचार करते हैं। हाथ, पैर या किसी अंग की कमी होने पर कृत्रिम अंग उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। लायंस क्लब कासगंज द्वारा निशुल्क कृत्रिम अंग वितरण सेवा भाव का उत्कृष्ट उदाहरण है और नगर के लिए यह एक ऐतिहासिक पहल है।
लायंस क्लब के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र बोहरे ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं और कृत्रिम अंग उन्हें दैनिक कार्य करने में सक्षम बनाते हैं। क्लब के सचिव विजय राजपूत ने कहा कि सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से किया गया यह प्रयास दिव्यांगजनों को आत्मविश्वास देकर संपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा केवल दया का विषय नहीं, बल्कि उन्हें समान अधिकार और सम्मान देना हमारा नैतिक एवं संवैधानिक दायित्व है। वहीं लक्ष्मण सिंह (एआरएम) ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा उनकी आवश्यकताओं की सही पहचान से शुरू होती है, जिसका उदाहरण लायंस क्लब ने प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम का संचालन विजेंद्र सिंह ने किया। अध्यक्ष दिनेश वर्मा एवं सचिव विजय राजपूत ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं आगंतुकों का पटका पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा अंत में आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लायंस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।