बरेली जनपद की मीरगंज तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 22 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही गुण-दोष के आधार पर निस्तारण कर दिया गया।
समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी जमीन पैमाइश को लेकर सामने आईं। लगातार आ रही जमीन से जुड़े मामलों को देखते हुए एडीएम पूर्णिमा सिंह ने नाराजगी जाहिर की और राजस्व विभाग को लंबित प्रकरणों का शीघ्र व गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 10, पूर्ति विभाग की 06, विद्युत विभाग की 04, विकास विभाग की 01 तथा वन विभाग से संबंधित 01 शिकायत दर्ज की गई। शेष शिकायती प्रार्थना पत्रों को नियत समय सीमा के भीतर निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंप दिया गया।
समाधान दिवस के दौरान अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन के निर्देशों का पालन करते हुए फरियादियों की समस्याओं का मौके पर जाकर निष्पक्ष व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समय पर करने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने भी फरियादियों की शिकायतें सुनकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।