बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने थाना मीरगंज में तहरीर देकर गांव के ही दो युवकों पर बहला-फुसलाकर पुत्री को ले जाने का आरोप लगाया है।
महिला के अनुसार बीती 30 दिसंबर को दिनेश और सुमित नामक युवक उसकी नाबालिग पुत्री को अपने साथ ले गए। घटना के समय महिला घर पर मौजूद नहीं थी। जब उसे जानकारी मिली, तब तक आरोपी किशोरी को लेकर जा चुके थे।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि उसका पति किसी आवश्यक कार्य से राजस्थान गए हुए थे, जिस कारण वह तत्काल थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज नहीं करा सकी। पति के वापस लौटने के बाद परिवार ने अपने स्तर पर बच्ची की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मजबूरन पुलिस से शिकायत की गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मीरगंज थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दिनेश और सुमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। और पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कर डी है !
इंस्पेक्टर मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि नाबालिग की बरामदगी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद से पीड़िता का परिवार गहरे सदमे में है, वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर तरह तरह की चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।