जनपद बरेली के बरादरी थाना क्षेत्र में ग्रीन पार्क गेट के पास स्थित सोबती कॉन्टिनेंटल होटल में न्यू ईयर पार्टी की आड़ में नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। देर रात तक तेज डीजे और शराब परोसने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम के साथ होटल स्टाफ और पार्टी में शामिल लोगों ने न सिर्फ बहस की, बल्कि मारपीट भी कर दी। पुलिस ने होटल मैनेजर समेत तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 31 दिसंबर की रात करीब तीन बजे पुलिस को सूचना मिली कि सोबती कॉन्टिनेंटल में निर्धारित समय सीमा के बाद भी डीजे बज रहा है और शराब परोसी जा रही है। सूचना पर चौकी रुहेलखंड से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और होटल प्रबंधन को डीजे बंद कराने व शराब परोसना रोकने के निर्देश दिए।
आरोप है कि होटल मैनेजर मसी आलम, पवनेश कुमार और मौके पर मौजूद राघव कपूर ने पुलिस की बात मानने के बजाय उनसे अभद्रता शुरू कर दी और धमकी दी कि डीजे बंद नहीं होगा। इसी दौरान आरोपियों और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की। एक सिपाही का गला दबाने की कोशिश की गई, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बारादरी से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मारपीट में घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए मोबाइल मेडिकल टीम के पास भेजा गया।
थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शांति भंग, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और नियमों के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात दस बजे के बाद डीजे बजाने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।