भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों का सम्भाजन करते हुए विधानसभा क्षेत्र 119-मीरगंज में मतदेय स्थलों की संख्या बढ़ाई गई है। पहले 385 मतदेय स्थलों के सापेक्ष 59 नए मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं, जिसके बाद अब कुल मतदेय स्थलों की संख्या 444 हो गई है।
नवसृजित 59 मतदेय स्थलों पर नियुक्त बीएलओ को बुधवार को तहसील सभागार मीरगंज में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी मीरगंज/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी 119-मीरगंज विधान सभा क्षेत्र, आलोक कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा क्षेत्र में निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम प्रक्रियाधीन है।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत गणना प्रपत्रों का वितरण एवं प्राप्ति के उपरांत बीएलओ एप के माध्यम से फीडिंग की कार्यवाही पूर्ण कर ली गई है। मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 06 जनवरी 2026 को किया जाएगा। इसी तिथि से ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज मांगे जाएंगे, जिनके द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में स्वयं अथवा माता-पिता का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
06 जनवरी से दावे एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे/आपत्तियों की जांच एवं निस्तारण के उपरांत बीएलओ एप के माध्यम से फीडिंग सुनिश्चित की जाएगी। सभी बीएलओ को आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा समय-समय पर जारी निर्देशों के अनुसार मतदाता सूची को अद्यतन किया जाएगा।
प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे बीएलओ को संबंधित खंड शिक्षाधिकारियों के माध्यम से नोटिस जारी कर 02 जनवरी 2026 को दोपहर 12 बजे तहसील सभागार मीरगंज में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तहसीलदार मीरगंज आशीष कुमार सिंह, वीआरसी गिरिजाशंकर, संदीप कुमार, भानु प्रताप गंगवार सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।