Tuesday, March 31, 2026

31 तक छाया रहेगा कोहरा, रिमझिम बारिश में होगा नए साल का स्वागत

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 28, 2025

31 तक छाया रहेगा कोहरा, रिमझिम बारिश में होगा नए साल का स्वागत

जागरण टुडे, बरेली

जिले में कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। लगातार दो दिनों से दिन का तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे ठिठुरन और बढ़ गई है। धूप के नदारद रहने से ठंड का असर और तीखा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं और बेहद जरूरी होने पर ही बाहर निकल रहे हैं।

शनिवार के बाद रविवार को भी सूरज के दर्शन नहीं हुए। पूरे दिन बादलों की चादर और ठंडी हवाओं ने लोगों को कंपकंपाए रखा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे रात और सुबह की ठंड और ज्यादा महसूस हुई।

सुबह के समय जिले में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता बेहद कम होने के कारण रेल और बस यातायात भी प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों की रफ्तार धीमी रही, वहीं हाईवे पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। रविवार होने के बावजूद बाजारों में भी अपेक्षित रौनक नहीं दिखी और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि दिसंबर के आखिरी दिनों में भी ठंड और कोहरे से राहत की उम्मीद कम है। 29 दिसंबर को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 30 और 31 दिसंबर के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। नए साल यानी 1 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

इसके बाद 2 और 3 जनवरी को भी कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दिसंबर महीने में कई बार दिन का तापमान 13 से 15 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है। 15 दिसंबर के बाद से ठंड और कोहरे ने लगातार लोगों को परेशान किया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में शाहजहांपुर और हरदोई के बाद बरेली सबसे ठंडा जिला रहा, जहां दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.