पार्टी में मुस्लिम युवकों को देख भड़के हिंदू नेता, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
जनपद बरेली के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित एक कैफे में नर्सिंग छात्रा की बर्थडे पार्टी में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर नारेबाजी शुरू कर दी। बवाल बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दो युवकों और एक कैफे स्टॉफ को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया। तीसरे आरोपी को सीओ प्रथम की फटकार के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया।
बर्थडे पार्टी में करीब एक दर्जन छात्र-छात्राएं थे, जिनमें आठ हिंदू और दो मुस्लिम युवक भी शामिल थे। बस यही बात एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को नागवार गुजरी। उन्होंने कैफे में घुसकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया। पार्टी में मौजूद छात्राओं ने पुलिस को बताया कि सिर्फ दोस्तों के साथ जन्मदिन पार्टी मना रहे थे लेकिन जैसे ही संगठन के कार्यकर्ताओं ने दो मुस्लिम युवकों को देखा तो हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी।
छात्रा ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता गलत आरोप लगा रहे थे। छात्रा ने पुलिस को बताया कि दोनों मुस्लिम युवक उसके सहपाठी हैं और सभी एक ही नर्सिंग कॉलेज में पढ़ते हैं। पुलिस ने कैफे के बाहर हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को समझाबुझा कर बाहर किया। पुलिस ने मुस्लिम युवक शान और वाकिफ समेत रेस्टोरेंट स्टाफ शैलेंद्र गंगवार को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया।