जनपद के थाना भमोरा पुलिस ने शुक्रवार रात बड़ी सफलता हासिल की। उड़ीसा से गांजा लेकर दिल्ली जा रहे दो तस्करों को पुलिस ने रम्पुरा-विशारतगंज रोड पर दबोच लिया। बरामद 153.69 किलो गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। पकड़े गए तस्कर ग्राम पस्तौर थाना शाहबाद रामपुर निवासी आलम उर्फ अकरम और इस्लाम खां हैं, जबकि गिरोह का सरगना राकेश यादव और फरमान फरार हैं।
एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक ट्रक पुलिस को देखकर रुक गया और ड्राइवर-हेल्पर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद कर लिया। ट्रक को सीज कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे करीब एक महीने से फरमान के ट्रक पर काम कर रहे थे। राकेश यादव और फरमान ने 40 हजार रुपये में उड़ीसा से बिसौली (आस्कपुर स्टेशन) तक गांजा पहुंचाने की डील की थी। वहां से माल दिल्ली भेजा जाना था। हाईवे पर कड़ी निगरानी होने के कारण वे लोकल रूट से जा रहे थे।
पुलिस के अनुसार अकरम अशिक्षित है और एक साल से ट्रक चलाता है। उसके चार भाई हैं, जिनमें दो बैंगलुरु और एक मुंबई में काम करते हैं। इस्लाम खां भी अशिक्षित है। उसका भाई इकराम रांची में इसी धंधे में जेल गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। पुलिस फरार सरगना राकेश यादव (दिल्ली) और फरमान (रामपुर) की तलाश में जुटी है। उनके मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं।