नगर निगम 26 सितंबर को शहर में हुए बवाल के बाद से सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों को चिह्नित कर रहा है। इसी के तहत निगम प्रशासन ने वार्ड 54 के मोहल्ला भूड़ स्थित शाहबाद में सरकारी भूमि पर बने 27 आवास और नावल्टी चौराहा के पास स्थित मजार से सटी 68 दुकानों पर कार्रवाई की तैयारी कर ली है।
दरअसल, शाहबाद में सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जे की शिकायत पार्षद शालिनी जौहरी ने की थी, उन्होंने निगम अफसरों को पत्र देकर बताया गया था कि सरकारी स्कूल और धार्मिक स्थल की जमीन पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। इस शिकायत पर निगम ने तत्काल सर्वे कर भूमि का मापन और सत्यापन कराया। इस दौरान 27 अवैध निर्माण चिह्नित किए गए। इनमें कई दुकानें, मकान और खाली प्लॉट शामिल हैं। इसके बाद सभी 27 अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
इसके अलावा नावल्टी चौराहे के निकट बनी मजार के पास बनी 68 दुकानों को भी निगम ने सील किया है। निगम का दावा है कि ये दुकानें सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष ने यह दावा किया है कि जमीन वक्फ की है, लेकिन नगर निगम ने कोर्ट और शासन में प्रस्तुत रिपोर्ट में साफ किया है कि उक्त भूमि नगर निगम की संपत्ति है। इसलिए कोर्ट के फैसले के बाद निगम इस जमीन को भी कब्जा मुक्त कराने की तैयारी में है।
निगम की भूमि पर हुए अवैध कब्जे को लेकर चिन्हांकन किया जा रहा है। जिन्होंने कब्जे कर रखे हैं उन्हें नोटिस जारी किए जा चुके हैं। चिन्हित स्थलों पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। -संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त