Friday, January 30, 2026

उपचार के दौरान घायल होमगार्ड की मौत, परिवार में मचा कोहराम

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 14, 2025

उपचार के दौरान घायल होमगार्ड की मौत, परिवार में मचा कोहराम
जागरण टुडे, अमांपुर (कासगंज)।


थाना अमांपुर क्षेत्र के गांव थरा-चीथरा के निकट 24 सितंबर को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए होमगार्ड की सोमवार को आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव चीथरा निवासी 58 वर्षीय भरत सिंह पुत्र भूपाल सिंह अमांपुर थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात थे। बीते 24 सितंबर को ड्यूटी समाप्त कर वह घर लौट रहे थे। रास्ते में थरा-चीथरा के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और परिजनों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल कासगंज ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया था।

लगभग 20 दिनों तक चले उपचार के बावजूद भरत सिंह की हालत में सुधार नहीं हो सका और सोमवार दोपहर करीब दो बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। जैसे ही यह सूचना गांव पहुंची, परिवार में मातम पसर गया। पत्नी और तीनों बेटे बेसुध होकर रोने लगे।

भरत सिंह के परिवार में उनके तीन पुत्र — विनोद (35), सुबोध (23) और जीतेश (20) हैं। पिता की मौत से तीनों बेटों के सिर से सदा के लिए पिता का साया उठ गया है। परिवार और गांव के लोग इस असमय निधन से गहरे सदमे में हैं।

थानाध्यक्ष दिनेश चंद्र ने बताया कि मृतक होमगार्ड की उपचार के दौरान मौत हो गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस वाहन की तलाश में जुटी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.