विकासश्रीवास्तव
जनपद बदायूं के ग्राम रियोनइया निवासी ग्रीश पुत्र बाबू सिंह ने उप जिलाधिकारी (SDM) बदायूं को एक शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि गांव के ही निवासी उदयवीर सिंह पुत्र विजयी द्वारा सार्वजनिक रास्ते पर अवैध पक्का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही पर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित ग्रीश ने बताया कि गांव में रेलवे लाइन से सीधे गाँव के भीतर तक जो मुख्य रास्ता जाता है, उसी रास्ते पर उसका दो बीघा खेत स्थित है। उक्त रास्ता राजस्व अभिलेखों में गाटा संख्या 2156 व 2157 के रूप में दर्ज है और यह सार्वजनिक सम्पत्ति है।
ग्रीश के अनुसार, इसी भूमि पर उदयवीर सिंह ने जबरन कब्जा करते हुए निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जबकि पूर्व में लेखपाल ब्रजेश यादव द्वारा उदयवीर समेत गांव के नौ लोगों पर राजस्व की धारा 122बी के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया जा चुका है।
फिर भी अब उदयवीर सिंह द्वारा दोबारा उसी भूमि पर पक्का निर्माण कर ग्रीश और अन्य ग्रामीणों की खेत तक पहुंचने वाली आवश्यक राह को अवरुद्ध किया जा रहा है। ग्रीश का कहना है कि यह पूरी तरह से सार्वजनिक हित के विरुद्ध है और प्रशासन को तत्काल इस अवैध निर्माण को रुकवाना चाहिए।
ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर इस अवैध कब्जे को हटवाए और सार्वजनिक रास्ते को पूर्ववत खुलवाया जाए, ताकि गांव के लोग खेतों और रेलवे लाइन की ओर आसानी से आ-जा सकें।
इस संबंध में जानकारी के लिए हल्का लेखपाल चंद्रप्रकाश को फोन किया, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।