समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां से मिलने रामपुर गए। वहां जाने से पहले वह बरेली में त्रिशूल हवाई अड्डे पर उतरे। मगर शहर के माहौल को देखते हुए प्रशासन ने अखिलेश यादव को हवाई अड्डे से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी। सुबह को उनकी एयरपोर्ट के अंदर पार्टी के केवल पांच नेताओं से मुलाकात हो सकी। शाम को रामपुर से लौटने पर अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट के वीआईपी हॉल में कुछ नेताओं के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दो पर चर्चा की।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बरेली होकर रामपुर जाने का कार्यक्रम एक दिन पहले मंगलवार को ही तय हो गया था। उनके बरेली आने का पता लगने पर सपा कार्यकर्ताओं में जोश भर गया। बुधवार को सुबह से ही पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता त्रिशूल एयरपोर्ट जाने के लिए अपने घरों से निकल पड़े। उधर, पुलिस-प्रशासन ने अपनी तैयारी कर रखी थी, जिससे सुबह ही बैरियर टू चौकी और एयरफोर्स गेट पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था।
सपा के तमाम नेता और कार्यकर्ताओं का हुजूम बरेली-पीलीभीत हाईवे स्थित बैरियर टू चौकी पहुंचा तो पुलिस ने वहीं सबको रोक दिया। मगर सपाई अखिलेश यादव से मिलने के लिए एयरपोर्ट जाने की कोशश में थे, जिससे हंगामा शुरू हो गया। काफी देर तक सपाइयों और पुलिस अधिकारियों के बीच नोकझोंक होती रही। मगर पुलिस के आगे समाजवादियों की नहीं चली और भीड़ बैरियर टू चौकी से आगे नहीं बढ़ने दी गई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सुबह 5 और शाम को 18 नेताओं से की मुलाकात
सुबह करीब 11.15 बजे अखिलेश यादव का विमान बरेली स्थित त्रिशूल एयरपोर्ट पहुंचा। इस बीच प्रशासन की ओर से सपा के पांच नेताओं को अखिलेश यादव से मुलाकात के लिए एयरपोर्ट के अंदर जाने की अनुमति मिल चुकी थी। इस आधार पर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, भोजीपुरा विधायक शहजिल इस्लाम, बहेड़ी विधायक अताउर रहमान और आंवला सांसद नीरज मौर्य को अंदर जाने दिया, जिनसे अखिलेश यादव ने करीब 15 मिनट बातचीत की। संक्षिप्त मुलाकात के बाद करीब 11:30 बजे अखिलेश यादव हेलीकाप्टर में बैठकर रामपुर के लिए रवाना हो गए।
पदाधिकारियों ने जल्दा दोबारा आने का वायदा कर गए अखिलेश यादव
उधर, पुलिस ने सपा के बाकी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एयरपोर्ट से पहले बैरियर नंबर-2 चौकी पर रोके रखा। इससे गुस्साए सपा कार्यकर्ताओं ने सड़क पर जबरदस्त हंगामा किया और नारेबाजी करते रहे। वहां मौजूद पुलिस अफसरों ने समझाकर सबकों शांत किया, लेकिन किसी को आगे नहीं बढ़ने दिया। इस दौरान बरेली-पीलीभीत हाईवे पर घंटों जाम की स्थिति की बनी रही। अखिलेश यादव के रामपुर से वापस आने तक सपाई एयरपोर्ट गेट और बैरियर टू चौकी पर डटे रहे। शाम करीब 3:30 बजे अखिलेश यादव रामपुर से वापस बरेली एयरपोर्ट लौटे।
इसके बाद प्रशासन से मिली अनुमति के अनुसार एयरपोर्ट के वीआईपी कक्ष में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के 18 पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिनमें जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व जिलाध्यक्ष शामिल रहे। करीब पौन घंटे की बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने बरेली के हालात, पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं से चर्चा की।
बैठक के बाद अखिलेश यादव एयरपोर्ट के गेट पर खड़े पांच पदाधिकारयों से मिले और हाथ मिलाकर जल्द ही दोबारा आने का वायदा किया। इन नेताओं में जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव, जिला सचिव बृजेश श्रीवास्तव सविता, द्रोण कश्यप, गजेंद्र कुर्मी और संजीव कश्यप शामिल रहे।