बरेली में 26 सितंबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद पुलिस पर पथराव और फायरिंग कराने के आरोपी मौलाना तौकीर रजा खां के इशारे पर पुलिस पर फायरिंग करने वाले साजिशकर्ता गैंगस्टर ताजिम को बारादरी पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। साथ ही इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने एक बाल अपचारी समेत कुल 17 उपद्रिवियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। ताजिम ने ही शहमातगंज पुल के पास पुलिस पर फायरिंग की थी। इतना ही नहीं उसने पुलिस पर पेट्रोल बम भी लोगों को उकसा कर फिंकवाया था। दावा है कि जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौलाना तौकीर रजा खां के आह्वान पर शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद आई लव मोहम्मद पोस्टर को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन कर रहे उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर फायरिंग की थी। साथ ही दुकानों में तोड़फोड़ कर नारेबाजी कर माहौल खराब करने का प्रयास किया था। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़ते हुए लाठी चार्ज कर भीड़ को तितर-बितर की थी। फायरिंग में 22 पुलिस कर्मी घायल भी हुए थे। कुछ पुलिस कर्मियों को छर्रे लगे थे।
मंगलवार को पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि पुलिस बवालियों की तलाश कर रही थी कि इसी बीच जानकारी हुई कि शहामतगंज पुल के पास पुलिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी काजी टोला निवासी ताजिम हरुनगला पुल के पास खड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस दौरान उपद्रवी ताजिम बाइक से बिथरी चैनपुर की तरफ भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो राधा माधव स्कूल के आगे पानी टंकी के पास वह बाइक छोड़ कर भागते हुए पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई तो उसके बाए घुटने में जा धंसी। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस नाल में फंसा, दो जिंदा कारतूस समेत एक बाइक बरामद की है।
विरोध प्रदर्शन के समय तमंचा लेकर गया था ताजिम
पुलिस पूछताछ में आरोपी ताजिम ने बताया कि उसे आईएमसी महानगर अध्यक्ष व पार्षद अनीस सकलैनी ने पूरी तैयारी के साथ आने को कहा था। इसलिए उसने साथ में तमंचा लेकर आया था। भीड़ अधिक होने पर उसने पुलिस पर पेट्रोल बम फिंकवाना शुरु कर दिया। इतना ही नहीं माहौल खराब कराने के उद्देश्य से उसने पुलिस पर फायरिंग करना शुरु कर दिया। पुलिस ने लाठी चार्ज किया तो वह मौके से फरार हो गया। आरोपी ने दंगा कराने की पूरी योजना बनाकर आया था। जिसने पूरा प्रयास भी किया। मगर पुलिस की सक्रियता के कारण वह अपने मकदस में कामयाब नहीं हुआ। आरोपी ताजिम इससे पहले भी गोकशी और गैंगस्ट मामले में जेल जा चुका है। इसे मौलाना और सभासद अनीस ने दंगा भड़काने के लिए असलाह के साथ भीड़ में रहने को कहा था।
पुलिस ने इन आरोपियों को भेजा जेल
पथराव कर पुलिस पर फायरिंग करने वाले 17 उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने उपद्रवी मोईन, मोहम्मद महताब, जाकिर कुरैशी, फैजान, अब्दुल नफीस, गुड्डू अहमद, अयान, रईस, शेरु, हस्सान, कसान, अमान हुसैन, मोहम्मद हरमेन रजा और नेमतुल्ला के रुप में हुई है। जबकि, बारादरी पुलिस ने आरोपी शमशाद समेत एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। सभी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से सब जेल भेज दिए गए।
एसएसपी अनुराग आर्य के अनुसार बवाल और फायरिंग मामले में पुलिस मुठभेड़ में एक उपद्रवी के पैर में गोली लगी है। साथ ही घायल समेत कुल 17 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि, फरार डॉ. नफिस समेत अन्य उपद्रवियों की तलाश की जा रही है। किसी भी निर्दोष को कोई समस्या नहीं आएगी।