बरेली शहर के राधा माधव पब्लिक स्कूल के छात्रों के दो गुटों में हुई मारपीट के बाद बारादरी इलाके में हरूनगला शराब भट्ठी के सामने सड़क पर जमकर बवाल हुआ। छात्रों और उनके परिजनों ने एक-दूसरे पर जमकर लात-घूंसे और डंडे बरसाए। करीब आधे घंटे तक दोनों पक्ष एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। खास बात यह है कि पुलिस ने सामने भी लोग एक-दूसरे पर डंडे बरसाते रहे। मारपीट में दोनों तरफ के कई छात्र घायल हो गए। पुलिस ने मारपीट में शामिल आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
मंगलवार 23 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे बरेली-बीसलपुर रोड स्थित राधा माधव पब्लिक स्कूल की छुट्टी होने पर बच्चे अपने-अपने घर जाने को बाहर निकले। तभी कॉलेज से कुछ दूरी पर राधा माधव पब्लिक स्कूल के ही कुछ छात्रों के बीच मारपीट हो गई। एक गुट के छात्रों ने विरोधी गुट के छात्र को जमकर पीटा। पिटने वाला छात्र खुद को बचाने के लिए दौड़ते हुए हरूनगला शराब भट्ठी के पास जा पहुंचे। जहां उसके परिवार के लोगों की दुकानें है, जिससे परिजन पहले से मौजूद थे। मारपीट का पता लगने पर उनके कुछ साथी भी मौके पर जा पहुंचे।
उधर, दूसरे गुट के छात्र भी पीछा करते हुए हरूनगला शराब भट्ठी के पास जा पहुंचे। उन्होंने भी अपने कुछ साथियों और परिजनों को बुला लिया। फिर वहां करीब आधा घंटे तक जमकर बवाल हुआ। दोनों गुटों में जो भारी पड़ता वही दूसरे गुट के छात्र को दौड़कर पीटने लगता था। कई छात्रों ने खुद को बचाने के लिए दुकानों में घुसने की कोशिश की, लेकिन विरोध गुट के छात्र उसे खींचकर पीटने लगते थे। सड़क पर मारपीट होने से मौके पर भगदड़ मच गई और आसपास का माहौल गर्मा गया।
पुलिस के सामने एक-दूसरे पर बरसाते रहे डंडे
इसी बीच बारादरी थाने की रूहेलखंड चौकी के दो सिपाही मौके पर जा पहुंचे, लेकिन मारपीट करने वालों को पुलिस का कोई खौफ नहीं था। बवाल करने वाले शांत होने के बजाय एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते रहे। पुलिस ने शांत करने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। माहौल बिगड़ा देख रूहेलखंड चौकी से और पुलिस बल बुलाना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने सख्ती कर आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया। कहीं तब जाकर छात्र और उनके परिवार वाले शांत हुए।
मारपीट में एक हिंदू संगठन के नेता भी शामिल
मारपीट के दौरान एक हिंदू संगठन के नेता भी अपनी गाड़ी का हूटर बजाते हुए मौके पर जा पहुंचे। उनकी गाड़ी पर एक हिंदू संगठन का नाम लिखा होने के साथ एक अखबार का स्टिकर भी लगा था। मारपीट होती रही और उनकी गाड़ी का हूटर बजता रहा। बताते हैं कि हिंदू नेता ने भी दूसरे पक्ष के छात्रों के साथ हाथापाई और पुलिस को हड़काने की कोशिश की। पुलिस से हिरासत में लिए लोगों को छुड़ाने की कोशिश की। हालांकि उस वक्त पुलिस ने नेताजी की नहीं सुनी।
चौकी पहुंचते ही आरोपियों को छुड़ाने की कोशिश शुरू
सड़क पर बवाल करने वाले कुछ लोगों को पकड़कर पुलिस रूहेलखंड चौकी ले गई। पीछे से कुछ लोग आरोपियों को छुड़ाने रूहेलखंड चौकी जा पहुंचे। कुछ नेताओं के फोन भी पुलिस के पास पहुंचने लगे। खबर लिखे जाने तक बातचीत का सिलसिला जारी रहा।