Thursday, April 2, 2026

बरेली में यू.पी. बैंक इम्प्लाइज यूनियन का त्रिवार्षिक चुनाव संपन्न, नई कार्यकारिणी गठित

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: September 21, 2025

बरेली में यू.पी. बैंक इम्प्लाइज यूनियन का त्रिवार्षिक चुनाव संपन्न, नई कार्यकारिणी गठित

जागरण टुडे, बरेली

यू.पी. बैंक इम्प्लाइज यूनियन बरेली यूनिट का त्रिवार्षिक चुनाव रविवार को संपन्न हुआ। नए पदाधिकारियों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। सम्मेलन सुबह 10:30 बजे आरंभ हुआ। अध्यक्षीय संबोधन में रंजन मोहिले ने कहा कि आने वाले समय में बैंक कर्मचारियों को कठिन दौर से गुजरना होगा, जिसके लिए आपसी एकता बेहद जरूरी है। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए सभी से मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने देश-विदेश की आर्थिक परिस्थितियों पर चर्चा करते हुए कहा कि बिना संघर्ष के कुछ हासिल नहीं होता। उन्होंने जनरेशन Z के बैंक कर्मचारियों से कहा कि बड़ी मेहनत से अर्जित हकों और सेवा शर्तों को बचाए रखने की जिम्मेदारी अब उन्हीं की है। इसके लिए यदि कुर्बानी देनी पड़े तो पीछे न हटें। उन्होंने असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की लड़ाई में भी शामिल होने का आह्वान किया।

यूनाइटेड फोरम बरेली के अध्यक्ष एवं यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन यूपी के महामंत्री पी.के. माहेश्वरी ने कहा कि सरकार अपने एजेंडे पर आगे बढ़ रही है। ऐसे में सभी बैंककर्मियों को आपसी मतभेद भुलाकर संघर्ष की राह पर चलना होगा।

कार्यक्रम का कुशल संचालन आशीष शुक्ल ने किया। कई वक्ताओं ने संगठन को और मजबूत बनाने के सुझाव दिए। अंत में अध्यक्ष रंजन मोहिले ने पिछली कार्यकारिणी को भंग कर नई टीम का पैनल प्रस्तुत किया, जिसका उपस्थित लोगों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

आगामी तीन वर्षों के लिए बनी नई कार्यकारिणी में प्रवीण राठौर को अध्यक्ष, पुष्पेंद्र माहेश्वरी को जिला सचिव, आशीष शुक्ल को संयुक्त सचिव और अनुरोध सक्सेना को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा तीन उपाध्यक्षों सहित कुल 35 पदाधिकारियों का चयन किया गया। यूनियन बैंक की पूजा जोशी को जिला महिला संयोजिका की जिम्मेदारी सौंपी गई।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.