उत्तर प्रदेश को वर्ष 2047 तक विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लक्ष्य को लेकर “विकसित भारत - विकसित उत्तर प्रदेश, आत्मनिर्भर भारत - आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश 2047” अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत विजन डॉक्यूमेंट 2047 तैयार किया जाएगा, जिसमें जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस अभियान की जानकारी जिलाधिकारी अवनीश राय ने देते हुए बताया कि सभी नागरिक अपने सुझाव 5 अक्टूबर 2025 तक वेबसाइट (बारकोड स्कैन के माध्यम से) पर भेज सकते हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत पर बारकोड चस्पा किया जाएगा, जिससे ग्रामीण भी सीधे तौर पर सुझाव दे सकें। डीएम ने अपील की कि जनपद बदायूं 2047 में कैसा हो, इस पर आमजन अपने सुझाव जरूर दें और समृद्ध व आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
अभियान के लिए 12 प्रमुख सेक्टर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें कृषि, पशुधन, औद्योगिक विकास, आईटी, पर्यटन, ग्राम्य विकास, अवस्थापना, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा एवं सुशासन जैसे क्षेत्र शामिल हैं। विजन डॉक्यूमेंट 2047 को तीन प्रमुख थीम — अर्थशक्ति, सृजनशक्ति और जीवनशक्ति पर आधारित किया जाएगा। वर्ष 2019 से 2030 तक लघु अवधि के और 2030 से 2047 तक मध्यम व दीर्घ अवधि के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 08 और 09 सितंबर को उच्च शिक्षा, छात्र-छात्राएं, स्वयं सहायता समूह, किसान, व्यापारी, एनजीओ, मीडिया सहित विभिन्न वर्गों से गोष्ठी कर सुझाव लिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज जनभावनाओं का प्रतिबिंब होगा।