उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार 30 अगस्त 2025 को जिला कांग्रेस कमेटी मथुरा के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि “पिछले आठ वर्षों में प्रदेश अपराध प्रदेश बन गया है।”
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार देशभर में महिलाओं पर होने वाले अपराधों का 15 प्रतिशत हिस्सा अकेले उत्तर प्रदेश से आता है। दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध चरम पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज में वे सामाजिक अपराध भी फिर से शुरू हो गए हैं, जो पहले लगभग खत्म हो चुके थे। दलितों की बारातों पर हमले, उन्हें घोड़ी पर न चढ़ने देना, यहां तक कि दबंगों द्वारा उन्हें क्षेत्र से खदेड़ने जैसी घटनाएं कानून-व्यवस्था की नाकामी को उजागर करती हैं।
यह भी पढ़ें: बांकेबिहारी मंदिर में आज होगा बेनी गूथन लीला का मंचन, राधाष्टमी पर विशेष आयोजन
उन्होंने मथुरा जनपद की स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि जनवरी से अगस्त 2025 तक जिले में कुल 42 हत्याएं दर्ज हुई हैं। इनमें थाना कोसी, वृंदावन, हाइवे, राया, गोविंद नगर, मांट, छाता, जैत, जमुनापार, बरसाना, फरह, रिफाइनरी, बलदेव, शहर कोतवाली, मगोर्रा, गोवर्धन और सुरीर क्षेत्रों में अलग-अलग वारदातें हुईं। कई स्थानों पर दोहरे हत्याकांड ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें: रतनलाल स्कूल ने जीती ओवरऑल चैम्पियनशिप, छात्राओं ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है और प्रदेश अराजकता की चपेट में है। मुकेश धनगर ने कहा कि शर्मनाक स्थिति यह है कि मुख्यमंत्री अपराधियों की पहचान जाति और धर्म देखकर करते हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की। प्रेस वार्ता में पूर्व महानगर अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि, उमाशंकर शर्मा, मनोज गौड़, अप्रतिम सक्सेना, महेश चौबे, रमेश कश्यप, शैलेंद्र चौधरी, प्रेम शंकर शर्मा, मोहित चौधरी, चौधरी ज्ञान सिंह, शाहिद कुरेशी, त्रिलोकी नाथ पांडे, सुरेश शर्मा, अनूप गौतम, सुरेश सिंह, राजेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।