बरेली। आला हजरत उर्स के कुल शरीफ के दौरान छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। दोनों आरोपी जब कोर्ट में पेशी के लिए पुलिस लॉकअप से बाहर निकाले गए तो नाटकीय ढंग से हाथ जोड़कर बोले – "हमें माफ कर दो बहनों, हमसे गलती हो गई। अब दोबारा ऐसी हरकत नहीं करेंगे।" उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
कैंट थाना क्षेत्र का मामला, 20 तारीख को हुई घटना
20 अगस्त को कैंट थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि दो युवक बाइक से पीछा कर उसकी बेटी और अन्य युवतियों से छेड़खानी व अश्लील हरकत कर रहे हैं। उर्स के समापन का दिन होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपियों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित कीं। जांच के दौरान पुलिस ने बाइक को ट्रेस करते हुए बदायूं जिले के वजीरगंज तक पीछा किया। वहां से दोनों आरोपियों की पहचान आशिफ और शोएब के रूप में हुई।
मंगलवार को कैंट पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद हुई। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने 20 अगस्त की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने यह भी माना कि उसी दिन उन्होंने शहर के अन्य स्थानों पर भी हुड़दंग और छेड़खानी की थी।