कासगंज की आवास विकास काॅलोनी स्थित महाराणा प्रताप पार्क में रविवार सुबह 45 वर्षीय युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। युवक की शिनाख्त होमगार्ड देवेन्द्र के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। होमगार्ड के आत्महत्या करने के पीछे गृहक्लेश बताया जा जाता है।
कासगंज जिले के सिढपुरा थाना क्षेत्र के पिलखुना गांव निवासी देवेंद्र होमगार्ड में थे। वह आवास विकास काॅलोनी में रहकर ट्रेजरी में ड्यूटी करते थे। शनिवार की रात में किसी समय देवेंद्र ने महाराणा प्रताप पार्क में जाकर पेड़ से लटककर खुदकुशी कर ली। रविवार की सुबह लोगों ने होमगार्ड देवेंद्र का शव लटका देखा तो हड़कंप मच गया। इसकी चर्चा फैली तो तमाम लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार वाले भी पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के बड़े भाई मनोज कुमार से जानकारी ली। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए। भाई मनोज ने बताया देवेंद्र वर्ष 2006 में होमगार्ड में भर्ती हुए थे। उनकी ड्यूटी ट्रेजरी में चल रही थी। देवेंद्र के दो बच्चे 17 वर्ष का बेटा प्रशांत और 14 वर्ष की बेटी पलक हैं। घटना के बाद से उसकी पत्नी विनीता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कासगंज कोतवाली इंस्पेक्टर प्रवेश राणा ने बताया देवेन्द्र का होमगार्ड का शव पार्क में फंदे पर लटका मिला था। सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के पीछे गृहक्लेश बताया जा रहा है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।