कस्बा बेलरायां निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष श्यामजी पांड़ेय रविवार शाम सदस्यता अभियान कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद घर लौट रहे थे। कस्बा सिंगाही में मुख्य चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही पुलिस ने उनकी कार रोक ली थी। सीट बेल्ट न लगाने पर सिपाही वीडियो बनाने लगे थे। पूर्व जिलाध्यक्ष ने सिपाहियों को अपना परिचय दिया।
आरोप है कि दरोगा राणा प्रताप सिंह ने परिचय देने के बाद भी पूर्व जिलाध्यक्ष से अभद्रता की। इस मामले को लेकर आधी रात तक कार्यकर्ताओं ने चौराहे पर हंगामा किया था। एसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया तो कार्यकर्ता शांत हुए थे। सोमवार देर रात एसपी गणेश प्रसाद साहा ने आरोपी दरोगा राणा प्रताप सिंह को लाइनहाजिर कर दिया।
पांच दरोगाओं को नई तैनाती, दो के कार्य क्षेत्र बदले
एसपी ने बताया कि पुलिस लाइन से एसआई अनिल सिंह पंकज को थाना संपूर्णानगर की पुलिस चौकी खजुरिया और थाना संपूर्णानगर से एसआई विशाल सिंह तोमर को पुलिस चौकी परसपुर का इंचार्ज बनाया गया है। पुलिस लाइन से एसआई तेज प्रताप सिंह को थाना मैलानी की बरगद पुलिस चौकी का इंचार्ज बनाया गया है। पुलिस लाइन से एसआई कृष्ण पाल को जिला अस्पताल पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी का चार्ज सौंपा गया है।
वहीं थाना ईसानगर से एसआई सुनील तिवारी को एसएसआई सदर कोतवाली और पुलिस लाइन से राजकुमार सरोज को थाना ईसानगर का एसएसआई बनाया गया है। वेदप्रकास सिंह को पुलिस लाइन से देवकली पुलिस सहायता केंद्र का प्रभारी बनाया है।